November 2, 2026 8:24 pm

राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के पथप्रदर्शक थे पंडित गोविन्द बल्लभ पंत : डीएम

भारत रत्न पंडित पंत की 139वीं जयंती पर कलेक्ट्रेट में श्रद्धांजलि समारोह, डीएम ने किया चित्र का अनावरण

रुद्रपुर

भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी के चित्र का अनावरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पंडित पंत जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत स्वतंत्र भारत के महान राजनेता, दूरदर्शी प्रशासक और कुशल संगठनकर्ता थे। उन्होंने उत्तराखंड के पहाड़ी अंचलों से निकलकर देश की राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिलाधिकारी ने कहा कि पंडित पंत जी केवल उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री ही नहीं रहे, बल्कि देश के गृहमंत्री के रूप में भी उन्होंने प्रशासनिक सुधारों और राष्ट्र की मजबूती के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनके द्वारा किए गए कार्य और राष्ट्रहित में लिए गए निर्णय आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

 

 

उन्होंने कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत का जीवन संघर्ष, त्याग और राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व भावी पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे पंडित पंत जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, डीजीसी मनोज तिवारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कलेक्ट्रेट परिवार के कर्मचारियों ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और जनहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें