ग्रामीणों को मिली बड़ी सुविधा, अब आधार संबंधी कार्यों के लिए नहीं लगानी पड़ेगी दूर-दराज के क्षेत्रों की दौड़
गदरपुर
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड से संबंधित सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में गदरपुर ब्लॉक में महत्वपूर्ण पहल की गई है। गदरपुर ब्लॉक परिसर में CSC द्वारा संचालित परमानेंट आधार सेवा केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। ब्लॉक प्रमुख महोदया ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारीगण, CSC जिला प्रबंधक गोविंद सिंह, आसपास के क्षेत्र के ग्राम प्रधानगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। केंद्र के शुभारंभ के साथ ही प्रथम आधार कार्ड से संबंधित कार्य भी इसी केंद्र पर किया गया। लंबे समय से गदरपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने, उसमें संशोधन कराने अथवा बायोमेट्रिक एवं अन्य आवश्यक अपडेट कराने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता था। इसके चलते ग्रामीणों को समय और धन खर्च करने के साथ ही कई बार लंबी कतारों तथा अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों की इसी समस्या को देखते हुए गदरपुर ब्लॉक में स्थायी आधार सेवा केंद्र की स्थापना की गई है। केंद्र के शुरू होने से अब क्षेत्र के लोगों को आधार संबंधी सेवाएं अपने नजदीकी क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी। CSC जिला प्रबंधक गोविंद सिंह ने बताया कि केंद्र पर भारत सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार ही आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र पर नया आधार नामांकन कराने के साथ-साथ डेमोग्राफिक अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर एवं पता आदि में संशोधन तथा आधार से संबंधित अन्य निर्धारित सेवाओं का लाभ भी नागरिकों को मिलेगा।

स्थायी केंद्र शुरू होने से विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, माताओं-बहनों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। अब उन्हें आधार से जुड़े सामान्य कार्यों के लिए दूर के शहरों या अन्य केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। CSC जिला प्रबंधक ने सभी CSC VLE से भी अपील की कि उनके क्षेत्र में यदि किसी नागरिक को आधार कार्ड से संबंधित किसी भी प्रकार का कार्य या समस्या है तो उसे गदरपुर ब्लॉक स्थित CSC परमानेंट आधार सेवा केंद्र पर भेजें, ताकि नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया और शुल्क के अनुसार आधार संबंधी सेवाओं का लाभ मिल सके।
आधार सेवा केंद्र के शुभारंभ को ग्रामीणों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र की आम जनता को काफी सुविधा मिलेगी। केंद्र के माध्यम से आधार संबंधी कार्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों का समय, श्रम और अनावश्यक यात्रा पर होने वाला खर्च बचेगा। गदरपुर ब्लॉक में स्थायी आधार सेवा केंद्र की शुरुआत को क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण जनसुविधा के रूप में देखा जा रहा है।







