गदरपुर
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गदरपुर क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता आयोजित कर मुख्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे का आभार व्यक्त किया। यह प्रेस वार्ता सुहावाराम भुड्डी धर्मशाला में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक हुड़िया ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व तथा विधायक अरविंद पांडे के निरंतर प्रयासों के कारण गदरपुर क्षेत्र को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि गदरपुर डिग्री कॉलेज में अब बीएससी तथा बीएससी एग्रीकल्चर की कक्षाएं प्रारंभ किए जाने की बात कही। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़े। और उन्हें स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
अशोक हुड़िया ने गदरपुर तहसील में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय खोले जाने की भी बात कही। इसके शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को रजिस्ट्री संबंधी कार्यों के लिए बाजपुर नहीं जाना पड़ेगा। इससे आम जनता का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा सरकारी सेवाएं अधिक सुलभ हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि गूलरभोज क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान, रामनगर में संचालित होने वाली पर्यटन जिप्सियों के परमिट को गूलरभोज डैम तक विस्तारित किए जाने की योजना है। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इसके अतिरिक्त गदरपुर में लंबे समय से फायर स्टेशन की मांग की जा रही थी। गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री द्वारा फायर स्टेशन की स्वीकृति प्रदान किया जाना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए भी करोड़ों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा नरेश हुड़िया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष चकित हुड़िया, पूर्व पालिका अध्यक्ष राकेश भुड्डी, पूर्व मंडल महामंत्री अभिषेक वर्मा, मंडल महामंत्री अनिल शर्मा, अजय बठला, युवा मोर्चा अध्यक्ष तनुज गहलोतरा, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष कविंद्र सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता मनजीत सिंह बिट्टा, हैप्पी चंद्रा, सौरभ सैनी, वीरू सैनी, ऋतुल वर्मा, रोहित, सुदामा, विक्रमजीत सिंह, सैफ अली, समन मुंजाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







