मुख्यमंत्री धामी ने सड़क एवं इंटरलॉकिंग मार्ग निर्माण कार्यों की रखी आधारशिला
गदरपुर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर क्षेत्र में 2136.01 लाख रुपये लागत की पांच विकास योजनाओं का शिलान्यास करते हुए कहा कि गूलरभोज भविष्य में प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं विकास केंद्र के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने 1839.70 लाख रुपये की लागत से बाबा डल मंदिर से बौर जलाशय (डेस्टिनेशन) होते हुए गुलरभोज कूल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक कंक्रीट सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा 67.29 लाख रुपये की लागत से रामजीवनपुर नंबर-3 एवं ग्राम मझरशिला के आंतरिक मार्गों में इंटरलॉकिंग टाइल रोड निर्माण, 87.09 लाख रुपये की लागत से जयनगर नंबर-4 कॉलोनी के विभिन्न मार्गों का निर्माण, 57.82 लाख रुपये की लागत से गुरुनानकपुर के आंतरिक मार्गों का विकास तथा 84.11 लाख रुपये की लागत से कुल्हा चौराहे से लक्ष्मण सिंह गट्टी गांव तक इंटरलॉकिंग टाइल रोड निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास भी विरासत भी के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और पर्यटन के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं ताकि उत्तराखंड को विकास के नए आयाम मिल सकें। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार केवल शिलान्यास करने वाली सरकार नहीं है, बल्कि योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कर जनता को समर्पित भी करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गदरपुर क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में भी अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में छात्रावास, राजकीय इंटर कॉलेज दिनेशपुर में ऑडिटोरियम तथा आईटीआई गूलरभोज में बालिका छात्रावास का निर्माण कराया गया है। आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय के उच्चीकरण को भी स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने बताया कि बौर डैम के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा विभिन्न गांवों में पेयजल योजनाओं का निर्माण कराया गया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चीनी मिल कर्मियों को सातवां वेतनमान दिलाने के प्रयास करने तथा गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में दो पीजी पाठ्यक्रम शुरू कराने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, विधायक शिव अरोरा, पूर्व पालिका अध्यक्ष राकेश भुड्डी, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक हुड़िया, लवली हुड़िया, अभिषेक गुम्बर, सुरजीत सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री नरेश हुड़िया, सुरेंद्र नामधारी, उधम सिंह नगर जिला अध्यक्ष कमल जिंदल व विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।








