जवानों से संवाद कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी ली, परिसर में किया पौधरोपण
गदरपुर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय गदरपुर-रुद्रपुर दौरे के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) बटालियन, गदरपुर का भ्रमण कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एनडीआरएफ के अधिकारियों एवं जवानों से संवाद कर राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों तथा प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड भौगोलिक दृष्टि से एक संवेदनशील राज्य है, जहां भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटना, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसी परिस्थितियों में एनडीआरएफ जैसी संस्थाएं लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को सफलतापूर्वक संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक मजबूत, आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग किया जाए तथा नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से जवानों और संबंधित एजेंसियों की क्षमता का निरंतर विकास किया जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ के अधिकारियों एवं जवानों के साहस, समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी एनडीआरएफ के जवान पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ मानव जीवन की रक्षा के लिए कार्य करते हैं। उनका अनुशासन, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ ने देशभर में अनेक आपदा राहत अभियानों में उत्कृष्ट कार्य कर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी है।

इस अवसर पर एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बटालियन की कार्यप्रणाली, आधुनिक उपकरणों, उपलब्ध संसाधनों, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं तथा विभिन्न आपदा राहत एवं बचाव अभियानों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बटालियन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है और समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
इस दौरान प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पाण्डे, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, विकास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, कमांडेंट संतोष कुमार, सीएमओ परमिंदर सिंह, डिप्टी कमांडेंट दीपक भट्ट, राजेंद्र जोशी, अवनीश पुरोहित, मनोज जोशी सहित एनडीआरएफ के अधिकारी, जवान एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







