November 2, 2026 7:37 pm

श्री श्री 1008 ज्वाला दास गोसाई जी महाराज के 42वें वार्षिक स्मृति समागम का भव्य एवं सफल आयोजन

पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का लंगर भंडारे और सर्वजन सुख-शांति की प्रार्थना के साथ हुआ समापन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दी श्रद्धांजलि

गदरपुर

           ग्राम सरदार नगर स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर कमेटी, गदरपुर के तत्वावधान में श्री श्री 1008 ज्वाला दास गोसाई जी महाराज के 42वें वार्षिक स्मृति (बरसी) समागम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। पांच दिनों तक चले इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का समापन सर्वजन सुख-शांति, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना तथा विशाल लंगर भंडारे के साथ संपन्न हुआ।

          समागम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने श्री ज्वाला दास जी गोसाई महाराज के जीवन, उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व तथा समाज सेवा एवं जनहित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि महाराज जी ने अपने जीवन को मानव सेवा, धार्मिक जागृति और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित किया, जिसके कारण आज भी श्रद्धालुओं के हृदय में उनके प्रति अटूट श्रद्धा एवं सम्मान बना हुआ है।

          कार्यक्रम में पधारे श्री गुरु जी अनिल कुमार गोसाई (गुरुग्राम) के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में सभी धार्मिक अनुष्ठान एवं आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए। अपने आशीर्वचन में उन्होंने कहा कि प्रभु का स्मरण ही जीवन का सबसे बड़ा आधार है तथा ईश्वर भक्ति और सत्कर्मों के बिना मोक्ष की प्राप्ति संभव नहीं है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। किच्छा के आजाद नगर निवासी पंडित अनिल कुमार शर्मा ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की दिव्य कथा का भावपूर्ण वर्णन सुनाया। वहीं ग्राम सरदार नगर के पंडित भीष्म दत्त शर्मा ने लगातार पांच दिनों तक अपनी ओजस्वी वाणी, धार्मिक प्रवचनों एवं उपदेशों के माध्यम से संगत को आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ प्रदान किया।

          गदरपुर के पंडित राजन शर्मा ने भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया तथा समागम के सफल आयोजन पर मंदिर कमेटी एवं श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। इसके अतिरिक्त पंडित शिवा शर्मा द्वारा प्रस्तुत किए गए मधुर एवं प्रेरणादायक भजनों ने उपस्थित संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया।

            समारोह के दौरान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष किशन लाल खेड़ा, महामंत्री विक्की खेड़ा, कोषाध्यक्ष निखिल खेड़ा, संरक्षक गोकुल चंद खेड़ा एवं कार्यक्रम संचालक टीकम खेड़ा ने सभी वक्ताओं, मुख्य अतिथियों एवं गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे सहित धर्मचंद खेड़ा, गोकुल चंद खेड़ा, श्याम लाल सुखीजा, सुनील खेड़ा, पंडित सोनू शर्मा, पंडित जितेंद्र शर्मा, राजेंद्र पाल सिंह, चरणजीत सिंह, सूरज खेड़ा, हरी खेड़ा, मोहन खेड़ा, जय किशन अरोड़ा, कृष्ण बत्रा, राजकुमार भुड्डी, लेखराज नागपाल, अजय खेड़ा, विजय सुखीजा, नरेंद्र खेड़ा, माता कैलाश देवी, मानसी गोसाई, अंजू भुड्डी, गुंजन सुखीजा, सुरेश कंबोज, मनोज गुंबर, शिवा ठुकराल, अशोक छाबड़ा, सागर गाबा, संजीव खेड़ा, हरीश बजाज, विशंभर खेड़ा, पंकज खेड़ा, सुमित खेड़ा, चिमनलाल खेड़ा, प्रभजोत खेड़ा, किशन खेड़ा, मनोज डाबर, कश्मीर कंबोज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

           समागम के समापन पर आयोजित विशाल लंगर भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा, जिससे क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित हुआ।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें