November 2, 2026 7:31 pm

गदरपुर में भारत विकास परिषद का रक्तदान शिविर: 45 यूनिट रक्त संग्रहित, 9 युवाओं ने पहली बार किया रक्तदान

सेवा पखवाड़े के तहत गुरुद्वारा सिंह सभा में हुआ आयोजन, रेड क्रॉस सोसायटी का मिला सहयोग

गदरपुर

भारत विकास परिषद के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़े के तहत परिषद की गदरपुर शाखा ने भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से गुरुद्वारा सिंह सभा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया। शिविर में 45 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। खास बात यह रही कि 9 युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाजसेवा के इस अभियान में सहभागिता निभाई।

        शिविर का शुभारंभ तहसीलदार लीना चंद्रा धामी और भारत विकास परिषद के प्रांतीय संगठन सचिव रविंद्र बजाज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद रक्तदाताओं का पंजीकरण और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शहीद ऊधम सिंह रक्तकोष की टीम ने किया रक्त संग्रह

           रक्त संग्रहण का कार्य शहीद ऊधम सिंह रक्तकोष की टीम ने किया। तकनीशियन प्रशांत सक्सेना और दीपक गंगवार ने रक्तदाताओं की जांच के बाद सुरक्षित रूप से रक्त एकत्रित किया। शिविर के दौरान युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

रक्तदान को बताया जीवनदान

         भारत विकास परिषद शाखा गदरपुर के अध्यक्ष राजीव ग्रोवर ने कहा कि रक्तदान जीवनदान के समान है। एक यूनिट रक्त कई मरीजों के उपचार में उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में भागीदारी निभाने की अपील की।

रक्तदान सामाजिक समरसता का प्रतीक: डॉ. सोनू

          रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं परिषद के सचिव डॉ. विप्रजीत विश्वास सोनू ने कहा कि रक्तदान सामाजिक समरसता और मानवता का सबसे बड़ा उदाहरण है। जरूरत पड़ने पर व्यक्ति केवल रक्त समूह का रक्त मांगता है, जाति या धर्म नहीं। उन्होंने लोगों से रक्तदान के साथ मरणोपरांत नेत्रदान का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

          कार्यक्रम में प्रांतीय संगठन सचिव रविंद्र बजाज, परिषद की शाखा गदरपुर के कोषाध्यक्ष सागर गाबा, रक्तदान शिविर संयोजक राकेश कम्बोज, डॉ. विनीत अरोरा, डॉ. अरविंद धवन, डॉ. अजय श्रीवास्तव, दीपक सुधा, प्रमोद बजाज, विनोद चुग, मनोज डावर, पृथ्वी बजाज, बंटी छाबड़ा, संतोष गुप्ता, राजकुमार तेजवानी, गौरव मदान, अनिल गाबा और विकास बजाज सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भी पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें