गदरपुर
हरेला पर्व के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद गदरपुर द्वारा नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री मनोज गुम्बर (मिंटू) ने किया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, नगर क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना तथा आमजन को अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष श्री मनोज गुम्बर (मिंटू) ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण प्रदान किया जा सकेगा।
उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार या संस्थाओं की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है। यदि सभी लोग पौधारोपण और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक होंगे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकेगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कैलाश सिंह पटवाल, सभासद रमन छाबड़ा, सचिन गुप्ता एवं मुकेश चावला सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं वृक्षारोपण अभियान में पालिका कर्मी सोहन लाल, जयपाल शर्मा, विजेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, रोहन गुप्ता, अरुण चौधरी एवं प्रिंस सिंह मेवाड़ी के साथ-साथ पर्यावरण मित्र उमेश, शेषनारायण शुक्ला, राहुल, गौरव एवं राजवीर ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। साथ ही नगरवासियों से भी पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।







