November 2, 2026 8:25 pm

शादी का झांसा देकर दो नाबालिग लड़कियों को भगाने वाले दो युवक गिरफ्तार

आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, मुरादाबाद, चंडीगढ़ और पंजाब ले जाने का आरोप

गदरपुर पुलिस ने दोनों पीड़िताओं को सकुशल बरामद किया

गदरपुर
ऊधमसिंहनगर जिले की गदरपुर कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर भगाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों नाबालिग पीड़िताओं को भी सकुशल बरामद कर लिया है। पूछताछ में पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि आरोपी उन्हें अपने साथ मुरादाबाद, चंडीगढ़ और पंजाब सहित विभिन्न स्थानों पर ले गए तथा उनके साथ गलत काम किया।

           जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने अपनी दो नाबालिग पुत्रियों, जिनकी उम्र क्रमशः करीब 16 वर्ष और 17 वर्ष है, के लापता होने की सूचना गदरपुर कोतवाली में दी थी। इस संबंध में 06/06/2026 को कोतवाली गदरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 179/2026 एवं 180/2026 धारा 140(3) बीएनएस के तहत गुमशुदगी के मामले दर्ज किए गए थे।

         मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दोनों नाबालिग लड़कियों की तलाश और बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देश, क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रविवार को थाना क्षेत्र के मसीत तिराहा गदरपुर से मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों और दोनों नाबालिग लड़कियों को बरामद कर लिया।

         गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इन्दर पुत्र रंजीत सिंह निवासी पाखड़वाला, ग्राम चंदनपुरा थाना गदरपुर तथा मोहित पुत्र रघुवीर सिंह निवासी विजय रामपुरा थाना केलाखेड़ा, जिला ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की उम्र क्रमशः 18 वर्ष और 21 वर्ष बताई गई है।

         पुलिस के अनुसार, बरामदगी के बाद पीड़िताओं से पूछताछ की गई। इस दौरान उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी उन्हें शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गए थे। पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें विभिन्न शहरों में ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया।

         पीड़िताओं के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों मामलों में धारा 137(2), 87, 64 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत आरोप बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

         कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहन सिंह बोहरा, उपनिरीक्षक मेघा शर्मा, कांस्टेबल गायत्री कार्की तथा कांस्टेबल कैलाश राम शामिल रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें