November 2, 2026 6:47 pm

स्वर्गीय सुरेंद्रनाथ व्यापारी की 24वीं पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 15 लोगों ने किया रक्तदान

भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से एसडीएसएन इंटर कॉलेज दुर्गापुर में हुआ आयोजन, चेयरमैन डॉ. विप्रजीत विश्वास सोनू ने रक्तदान को बताया जीवनदान

गदरपुर

भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी गदरपुर के सहयोग से एसडीएसएन इंटर कॉलेज दुर्गापुर में विद्यालय प्रबंधक सुभाष व्यापारी के पूज्य पिता स्वर्गीय सुरेंद्रनाथ व्यापारी की 24वीं पुण्यतिथि के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 15 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया।

रक्तदान शिविर का शुभारंभ माता सरस्वती की प्रतिमा एवं स्वर्गीय सुरेंद्रनाथ व्यापारी के चित्र के समक्ष भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. विप्रजीत विश्वास सोनू, विद्यालय प्रबंधक सुभाष व्यापारी एवं प्रधानाचार्य मेघना व्यापारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय सुरेंद्रनाथ व्यापारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक सरोकारों को याद किया।

इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. विप्रजीत विश्वास सोनू ने कहा कि रक्तदान महादान ही नहीं, बल्कि जीवनदान है। एक यूनिट रक्त से जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के प्रति जागरूक होना चाहिए। रक्तदान करने से सामान्यतः कमजोरी नहीं आती और शरीर थोड़े समय में रक्त की पूर्ति कर लेता है। उन्होंने बताया कि 18 से 65 वर्ष तक के स्वस्थ व्यक्ति चिकित्सकीय मानकों के अनुसार रक्तदान कर सकते हैं तथा रक्तदान के निर्धारित अंतराल के बाद दोबारा रक्तदान किया जा सकता है।

विद्यालय प्रबंधक सुभाष व्यापारी ने कहा कि अपने पूज्य पिता स्वर्गीय सुरेंद्रनाथ व्यापारी की पुण्यतिथि को समाजसेवा से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर आयोजित करने का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। उन्होंने रक्तदाताओं और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

शिविर में एकत्रित रक्त का संग्रह रुद्रपुर चैरिटेबल रक्त कोष से पहुंची टीम के टेक्नीशियन दीपांशु, अंशुल एवं नेहा द्वारा किया गया। रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें भविष्य में भी इस पुनीत कार्य से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. विप्रजीत विश्वास सोनू, विद्यालय प्रबंधक सुभाष व्यापारी, प्रधानाचार्य मेघना व्यापारी, राकेश कंबोज, भारत विकास परिषद शाखा गदरपुर के अध्यक्ष राजीव ग्रोवर, दीपंकर मंडल, विकास सरकार, रोहित मंडल, वीरेश सिंह, प्रशांत विश्वास, जयदेव साह, सागर बेहड़, संजय शाह, सुशील भक्ति, नरेश कुमार, सम्मेलन मंडल, चेतन कांडपाल, अर्पिता बाला, झुनू मंडल, दर्शन सिंह, राघवेंद्र, तपन कुमार, सुभाष माझी, नीतीश माझी, सत्यजीत सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें