स्थानीय भाषा में सुनीं बंगाली समाज की समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश; बोले— शिकायतों का निस्तारण कागजों पर नहीं, धरातल पर दिखना चाहिए
दिनेशपुर
जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने तथा शिकायतों के पारदर्शी एवं त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को थाना दिनेशपुर परिसर में “थाना दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने मुख्य रूप से प्रतिभाग कर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान यातायात, नशा और स्थानीय जनसमस्याओं से जुड़े कई मामलों पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

थाना दिवस के दौरान एसएसपी अजय गणपति का एक अलग और जनहितैषी अंदाज देखने को मिला। जब बंगाली समाज के लोग अपनी शिकायतें लेकर उनके समक्ष पहुंचे तो उन्होंने उनसे उनकी मातृभाषा बांग्ला में संवाद किया। अपनी ही भाषा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को बातचीत करते देख लोगों की झिझक दूर हो गई और उन्होंने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। एसएसपी ने भी धैर्यपूर्वक सभी शिकायतों को सुना और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उनके इस आत्मीय व्यवहार की उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे पुलिस व जनता के बीच विश्वास बढ़ाने वाली पहल बताया।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर एसएसपी ने थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि थाने आने वाले प्रत्येक पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस प्रशासन जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। थाना दिवस जैसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और पुलिस व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करना है। उनके निर्देशों के बाद संबंधित अधिकारियों ने शिकायतों के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी।







