धामी के मंच से हुई घर वापसी, कभी भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले अभिषेक सुखीजा और सतीश चुघ फिर बने भाजपा परिवार का हिस्सा
गदरपुर/खटीमा
उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूत करने और पुराने नेताओं व जनप्रतिनिधियों को पुनः साथ जोड़ने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में उधमसिंहनगर जिले की नवगठित नगर पंचायत गढ़ीनेकी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक सुखीजा एवं नगर पंचायत गूलरभोज के अध्यक्ष सतीश चुघ ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

अभिषेक सुखीजा ने नगर पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 94 मतों से हराकर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी। वहीं गूलरभोज नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ को चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा टिकट नहीं दिए जाने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी। इसके बाद पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के आरोप में भाजपा ने उन्हें निष्कासित कर दिया था।
दोनों अध्यक्षों की भाजपा में वापसी को जिले की राजनीति का बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। खासतौर पर सतीश चुघ पिछले कुछ समय से गदरपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डेय के खिलाफ मुखर दिखाई देते रहे हैं। ऐसे में उनकी भाजपा में वापसी के बाद राजनीतिक गलियारों में नए समीकरणों और आपसी तालमेल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

वहीं कार्यक्रम के दौरान रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, काशीपुर महापौर दीपक बाली, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य तथा दर्जा राज्य मंत्री विनय रोहेला सहित कई भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा संगठन जिले में आपसी मतभेदों को समाप्त कर एकजुटता का संदेश देने का प्रयास कर रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि भाजपा द्वारा शुरू की गई यह संगठनात्मक एकता की मुहिम और आपसी तालमेल स्थापित करने की पहल जमीनी स्तर पर कितनी कारगर साबित होती है।







