20 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद, मौके पर 500 लीटर लहन किया नष्ट
गदरपुर
अवैध कच्ची शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची शराब बनाने की भट्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 लीटर अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। इसके साथ ही मौके पर तैयार की जा रही कच्ची शराब के लिए इस्तेमाल होने वाला करीब 500 लीटर लहन नष्ट किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में और प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 11 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस टीम को ग्राम मोतियापुर स्थित गुरुद्वारे से पूर्व दिशा में एक मकान के पीछे खेत में अवैध कच्ची शराब बनाने की सूचना पर कार्रवाई की गई। मौके पर पुलिस ने गुरुचरण सिंह (37) पुत्र मक्खन सिंह, निवासी ग्राम मोतियापुर बलखेड़ा, कोतवाली गदरपुर, जिला ऊधम सिंह नगर को अवैध कच्ची शराब बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नीले रंग की बाल्टी में रखी 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके अतिरिक्त शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला एक लोहे का ड्रम, एक एल्यूमीनियम की पतीली, दो मीटर पाइप और एक मिट्टी की हांडी भी बरामद की गई। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद लगभग 500 लीटर लहन को नष्ट कर दिया, ताकि उससे अवैध शराब का निर्माण नहीं किया जा सके।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर कोतवाली गदरपुर में मुकदमा संख्या 300/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/60(2) में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मोहन बोहरा, उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा और कांस्टेबल राजेन्द्र बिष्ट शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।







