गदरपुर
तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मीट कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। दिनांक 20 जुलाई 2026 को उपजिलाधिकारी गदरपुर ऋचा सिंह एवं तहसीलदार लीना चंद्रा धामी के औचक निरीक्षण के दौरान भैसिया मोड़ क्षेत्र में एक व्यक्ति को मौके पर बकरी काटते हुए तथा दो अन्य व्यक्तियों को उसी स्थान पर मीट बेचते हुए पाया गया।

निरीक्षण के दौरान यह गतिविधियां निर्धारित नियमों और मानकों के विपरीत संचालित होती मिलीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका परिषद गदरपुर के अधिशासी अधिकारी कैलाश पटवाल, पशु चिकित्सक, राजस्व विभाग तथा पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और कार्रवाई करते हुए तीन अस्थायी दुकानों को सील कर दिया।
जांच में सामने आया कि संबंधित दुकानदारों के पास आवश्यक लाइसेंस और वैधानिक अनुमति उपलब्ध नहीं थी। सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी को देखते हुए दोनों प्रमुख दुकानों को लाइसेंस के अभाव में बंद कर दिया गया, जबकि अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में ऐसे प्रतिष्ठानों की लगातार निगरानी की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।







