November 2, 2026 8:28 pm

गदरपुर में कांग्रेस नेताओं ने भरी हुंकार, 8 अगस्त की हल्द्वानी रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

पश्चिम बंगाल प्रभारी बनाए जाने पर प्रकाश जोशी का जोरदार स्वागत, संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर मंथन

गदरपुर

उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं हाल ही में पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी नियुक्त किए गए प्रकाश जोशी के गदरपुर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

           

           बैठक का मुख्य केंद्र आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित जनसभा रही। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में हल्द्वानी पहुंचकर रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि यह जनसभा प्रदेश में कांग्रेस की ताकत और जनसमर्थन का बड़ा संदेश देगी।

          कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रकाश जोशी ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और संगठन की मजबूती ही भविष्य की सफलता का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव से घबराने वाली नहीं है।

          उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुनें और उन्हें पार्टी की नीतियों से जोड़ें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

         बाजपुर विधायक यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर चिंतित है। कांग्रेस लगातार जनता की आवाज को उठाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव का माहौल बन रहा है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस माहौल को जनसमर्थन में बदलने के लिए बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ानी होगी।

         जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।

         कांग्रेस नेता सुमित्रा भुल्लर ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्पण ही कांग्रेस की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने विशेष रूप से महिला और युवा कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी को सफलता दिला सकता है।

         बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, आगामी चुनावी तैयारियों और क्षेत्रीय जनसमस्याओं को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने आगामी महीनों में जनसंपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

         कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रकाश जोशी को पश्चिम बंगाल कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर प्रकाश जोशी, विधायक यशपाल आर्य, जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, प्रेमानंद महाजन, गदरपुर नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी, ममता सरकार, परिमल राय, सुभाष बेहड़, भीम ठुकराल, सुमित्रा भुल्लर, त्रिनाथ विश्वास, किशोर हालदार, शाकिर अली, जकीउल्लाह खान, नयाल, हरीश पनेरु, संदीप चीमा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें