रुद्रपुर/ऊधम सिंह नगर
भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केन्द्र देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जनपद ऊधम सिंह नगर में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में 9 जुलाई 2026 (गुरुवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 9 जुलाई को जनपद सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यंत तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा होने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जनपद में जलभराव, वृक्ष गिरने, विद्युत आपूर्ति बाधित होने तथा यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने एहतियातन यह निर्णय लिया है। आदेश के तहत जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केन्द्र 9 जुलाई को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय या संस्थान आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।







