November 2, 2026 8:23 pm

बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के 1872 आवास जल्द होंगे आवंटित, मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण

 

रुद्रपुर

बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवासों का लाभ जल्द ही पात्र लाभार्थियों को मिलने जा रहा है। रविवार को उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बागवाला पहुंचकर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित आवासीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों एवं तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत निर्मित आवासों का शीघ्र लोकार्पण कर पात्र लाभार्थियों को आवासों की चाबियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों से लाभार्थियों द्वारा जमा की गई अंशदान राशि, आवंटन प्रक्रिया तथा अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रत्येक आवास के लिए 3 लाख रुपये केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनुदान के रूप में दिए जाते हैं, जबकि 3 लाख रुपये लाभार्थी द्वारा अंशदान के रूप में जमा किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि आवासों की साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में है तथा परिसर को हरित एवं आकर्षक बनाने के लिए पौधारोपण भी कराया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि आवासीय परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण पूर्ण हो चुका है और उसकी सफल टेस्टिंग भी कर ली गई है। सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि लोकार्पण के बाद लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेन्द्र नवानी, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें