November 2, 2026 7:31 pm

ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलता: जानलेवा हमले का वांछित आरोपी अवैध तमंचे व कारतूस सहित गिरफ्तार

गदरपुर

कोतवाली गदरपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जानलेवा हमले, अंधाधुंध फायरिंग, घर में घुसकर तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध 315 बोर तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 21 मई 2025 को खुशहालपुर सरोवर नगर निवासी गुरदेव सिंह पुत्र बलवंत सिंह ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा समेत आठ लोगों ने उसके घर में घुसकर हमला किया, तोड़फोड़ की और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा संख्या 140/2025 के तहत अभियोग पंजीकृत किया था। वहीं घटना के बाद आरोपी फरार चल रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर द्वारा वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी थानाध्यक्ष प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दिनेशपुर रोड फ्लाईओवर के पास सूरजपुर मार्ग से वांछित आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र स्वरूप सिंह निवासी अज्जूवाला, थाना मिलकखानम, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध 315 बोर तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 191(2), 191(3), 324(2), 331(2), 351(3), 352 एवं 3(5) बीएनएस के साथ-साथ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जबकि उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी थानाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, कांस्टेबल कुंदन सिंह तथा कांस्टेबल जीवन फुलेरा शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें