विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा, बीएलओ को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
रुद्रपुर
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को जिला सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि पात्र मतदाताओं तक गणना प्रपत्रों का वितरण समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा भरे हुए प्रपत्रों को वापस प्राप्त कर उनका डिजिटाइजेशन भी शीघ्र कराया जाए।
प्रत्येक दिन देनी होगी प्रगति रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को एसआईआर कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान से जुड़ी प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन शाम तक कंट्रोल रूम एवं निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्यों की सतत निगरानी की जा सके।
जनता से भी सहयोग की अपील
डीएम भदौरिया ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मतदाता संबंधी विवरणों को सही एवं अद्यतन कराने में सहयोग देने की अपील की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट और ऋचा सिंह, ओसी हिमांशु कफलटिया, तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के अन्य उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।








