नगर पालिका परिषद गदरपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा, राष्ट्र की एकता-अखंडता के लिए उनके योगदान को किया याद
गदरपुर
नगर पालिका परिषद गदरपुर में सोमवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोज गुंबर ‘मिंटू’ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की एकता को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया और “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” के सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं तथा युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।
भाजपा मंडल महामंत्री अनिल जेटली ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने अपने सिद्धांतों और राष्ट्रहित के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया तथा देश और समाज के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता हरीश जेटली, सभासद सचिन गुप्ता, रमन छाबड़ा, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष तनुज गिलहोत्रा, जिला कोषाध्यक्ष मुनी भुसरी, जिला आईटी संयोजक कार्तिक छाबड़ा, जिला कार्यकारिणी सदस्य विशद अरोरा, छात्रसंघ अध्यक्षा सौम्या, मंडल महामंत्री समन मुंजाल, सौरभ सैनी, सोशल मीडिया संयोजक मोहित अरोरा, मंडल उपाध्यक्ष वीरू सैनी, किन्नी पांडे, रितुल वर्मा, वंश वर्मा, अनमोल रलहन, नितिन, रवि, क्रिश गुंबर, देवान्श गुंबर और संतोष श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।







